इन्दौर। मठ, मंदिर और धार्मिक स्थल हमारी संस्कृति की पहचान है। ये हमारे देश की धरोहर होने के साथ ही सनातन धर्म को दुनिया के पटल पर मजबूती प्रदान करते है। इसलिये इनके संरक्षण और जीर्णाेद्धार का जिम्मा भी हमारा है। मध्यप्रदेश शासन हमारे सनातन धर्म को मजबूत करने के लिए प्रयासरत है। उक्त विचार महू में आयोजित मंदिरों और धर्मस्थलों का जीर्णाेद्धार और पुजारियों के सम्मान कार्यक्रम के अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा स्थानीय विधायक उषा ठाकुर द्वारा संबोधित करते हुए व्यक्त किए। मंत्री उषा ठाकुर ने मंदिरों और धर्मस्थलों के जीर्णाेद्धार कार्य का शुभारंभ किया।
मंत्री उषा ठाकुर ने कहा कि महू के मठ , मंदिरों और धर्मस्थलों का जीर्णाेद्धार किया जाएगा, ताकि सनातन धर्म का वैभव पूर्णतः बना रहे। महू में 3 करोड़ 8 लाख 55 हजार रूपये की राशि से महू के 135 मठ, मंदिरों और धर्मस्थलों का संरक्षण एवं जीर्णाेद्धार किया जाएगा। कार्यक्रम में मंत्री उषा ठाकुर द्वारा पुजारियों का सम्मान किया गया। उन्होंने बताया कि मंदिरों का जीर्णाेद्धार करने के साथ ही यहाँ आने वाले श्रद्धालुओं की सहूलियत की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके अलावा शासन द्वारा संधारित लगभग 21 हजार मंदिरों के पुजारियों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
मंत्री उषा ठाकुर ने कहा कि मंदिर समाज के संस्कार केंद्र हैं। यही भावी पीढ़ी को समाज के मूल्य और आदर्श संचारित करते हैं। मंदिर के प्रति समाज की भूमिका और समाज में मंदिर के महत्व को पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा। इसके लिए प्रशिक्षण का पाठ्यक्रम और दिनचर्या का निर्धारण किया जा रहा है। पुजारियों को भी मानदेय बढ़ने की प्रसन्नता है। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, पुजारी एवं बड़ी संख्या में नागरिकगण मौजूद थे।