नीमच। एमपी के कई जिलों से मानसून की विदाई हो गई है। इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन सहित 19 जिलों से मानसून विदा हो गया है। आगामी 4-5 दिन में पूरे प्रदेश से मानसून लौट जाएगा। कई शहरों में गुलाबी ठंड का अहसास भी होने लगा है। यहां रात का टेम्प्रेचर 1 से 4 डिग्री तक लुढ़क गया है। हालांकि दिन में गर्मी अपना असर दिखा रही है। मानसून की विदाई के बाद भी प्रदेश के कई जिलों में एक बार फिर हल्की बारिश होने की संभावना बन रही है।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि प्रदेश में मानसूनी सीजन जून से सितंबर तक रहता है। अब मानसून की विदाई हो रही है। पिछले 5 दिन में इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, सागर संभाग के कुल 19 जिलों से मानसून लौट गया है। आगामी एक-दो दिन में पश्चिमी मध्यप्रदेश यानी भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, नर्मदापुरम, उज्जैन और चंबल संभाग के बाकी जिलों से मानसून की विदाई हो जाएगी। पूर्वी हिस्से के जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग से 10 अक्टूबर तक मानसून विदा होगा। इस अवधि में इन जिलों में हल्की बारिश का अनुमान है। एमपी से एक ट्रफ लाइन गुजर रही है, लेकिन उसका ज्यादा असर नहीं है। हालांकि 10 अक्टूबर के बाद प्रदेश में एक बार जरूर कई जिलों हल्की बारिश होगी।
इन जिलों से विदा हुआ मानसून-
एमपी के इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, भिंड, दतिया, निवाड़ी, शिवपुरी, अशोकनगर, गुना, राजगढ़, शाजापुर, आगर, नीमच, मंदसौर, रतलाम, मुरैना, श्योपुरकलां, झाबुआ और धार जिलों से मानसून विदा हो चुका है। इन सभी जिलों में अब बारिश की संभावन नहीं है।