नीमच। नीमच सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम केलुखेड़ा में शनिवार सुबह एक 57 वर्षीय व्यक्ति द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान शिवनारायण पाटीदार (57), पिता रामचंद्र पाटीदार, निवासी ग्राम केलुखेड़ा के रूप में हुई है। बताया गया कि वे प्रतिदिन की तरह सुबह करीब 4 बजे बाड़े में हाथ-मुंह धोने के बाद पशुओं को चारा डालने गए थे। कुछ देर बाद उनकी पत्नी बाड़े में पहुंचीं तो उन्होंने शिवनारायण को रस्सी के फंदे से लटका हुआ देखा। इसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस एवं ग्राम चौकीदार को सूचना दी।
सूचना मिलते ही नीमच सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शिवनारायण का कुछ माह पूर्व हृदय का ऑपरेशन हुआ था। हालांकि आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।