शिवपुरी। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के मार्गदर्शन में थाना खनियांधाना पुलिस ने बस स्टैंड पर ‘ऑपरेशन सेफ क्लिक 2.0’ के तहत साइबर जागरूकता अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने प्रचार वाहन, बैनर और पंपलेट के माध्यम से आमजन को डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी और यूपीआई फ्रॉड, फर्जी लोन ऐप तथा सोशल मीडिया से जुड़ी ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
थाना प्रभारी निरीक्षक केदार सिंह यादव ने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान नंबर से प्राप्त लिंक, फोटो, वीडियो या एपीके (APK) फाइल डाउनलोड न करें। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान हमेशा "रुको, सोचो और फिर कार्रवाई करो" का नियम अपनाएं।
पुलिस ने नागरिकों से आग्रह किया कि यदि वे किसी भी प्रकार के साइबर फ्रॉड का शिकार होते हैं तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें या www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
पुलिस का कहना है कि ‘ऑपरेशन सेफ क्लिक 2.0’ का उद्देश्य आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाकर सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करना है।