नीमच। जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र की जाट पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम तुमड़िया में शुक्रवार को दो नाबालिग बालिकाओं को कार में जबरन ले जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की तत्परता और साहस के चलते दोनों बालिकाओं को सकुशल छुड़ा लिया गया। वहीं, पीछा कर दो संदिग्ध युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि एक अन्य युवक मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम तुमड़िया निवासी 8 एवं 13 वर्षीय दो नाबालिग बालिकाएं अपने खेत से लौटते समय मुख्य सड़क से गुजर रही थीं। इसी दौरान सफेद रंग की एक ईको कार (क्रमांक MP 44 ZB 5881) वहां रुकी और उसमें सवार युवकों ने कथित रूप से दोनों बालिकाओं को जबरन कार में बैठा लिया। बताया जा रहा है कि कार के अंदर एक अन्य बालिका की चप्पल एवं अन्य सामान भी मिला है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
बालिकाओं के शोर मचाने पर पास में मौजूद ग्रामीण भेरूलाल जटिया एवं प्रहलाद बैरागी ने तत्काल बाइक से कार का पीछा शुरू किया। करीब दो किलोमीटर तक पीछा करने के दौरान आरोपियों ने भागने के प्रयास में बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक कुछ दूरी तक घिसटती चली गई। इसके बावजूद ग्रामीणों ने हिम्मत नहीं हारी और अन्य ग्रामीणों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने बिजेपुर, दौलतपुरा, पालछा और चडोल मार्ग पर घेराबंदी की। लगभग 25 किलोमीटर दूर आटा सरोदा के समीप ट्रैक्टर सड़क पर आड़ा खड़ा कर कार को रोक लिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने कार में सवार तीन में से दो युवकों को पकड़ लिया, जबकि एक युवक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पकड़े गए दोनों युवक भी नाबालिग बताए जा रहे हैं। इनमें एक सरवानिया मसानी तथा दूसरा खोर क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने दोनों को जाट पुलिस चौकी के माध्यम से रतनगढ़ थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं बालिकाओं के परिजन रतनगढ़ थाने पहुंचे और आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा फरार युवक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। समाचार लिखे जाने तक पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर प्रकरण पंजीबद्ध करने एवं मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई थी।