भोपाल। मध्य प्रदेश में इस बार अच्छी बारिश के लिए थोड़े और दिन इंतजार करना पड़ सकता है। बमुश्किल मानसून ने एंट्री तो कर ली लेकिन अब इसकी चाल सुस्त हो गई है। मौसम विभाग के मुताबिक 15 जिलों में ही पिछले 3 दिनों से मानसून ठहरा हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक आज 43 जिलों में हल्की-फुल्की बारिश का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी कुछ दिनों में अनुकूल परिस्थितियां बनेंगी जिसके बाद मानसून फिर सक्रिय होने के बाद भोपाल-उज्जैन संभाग की ओर बढ़ेगा। ग्वालियर-चंबल अंचल में सबसे आखिर में इसकी दस्तक होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 43 जिलों में बारिश, तेज हवा और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है। भोपाल मौसम केंद्र ने 27 जून के लिए मध्य प्रदेश के 43 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज गरज-चमक, बिजली गिरने, 40 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग ने अलीराजपुर, झाबुआ, नर्मदापुरम, बैतूल, सागर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, छतरपुर, दमोह, जबलपुर, सिवनी, सतना, मैहर, उमरिया, रतलाम, धार, बड़वानी, उज्जैन, आगर-मालवा, इंदौर, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, देवास, शाजापुर, राजगढ़, भोपाल, सीहोर, हरदा, विदिशा, रायसेन, डिंडौरी, बालाघाट, मंडला, कटनी, पन्ना, रीवा, शहडोल, सीधी, अनूपपुर, मऊगंज और सिंगरौली जिले शामिल हैं।