मनासा। कुकडेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम कड़ी में बीती रात एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस ने महिला के शव का शुक्रवार सुबह 10 बजे मनासा शासकीय अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया और शव परिजनों के सुपुर्द किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कड़ी में रहकर मजदूरी कार्य करने वाले आदिवासी परिवार की महिला शिवानी पति बाबूलाल भील निवासी सोजलियापूरा जिला धार की गुरुवार रात 10 बजे करीब अचानक मौत हो गई। परिजन देर रात महिला को मृत अवस्था में मनासा शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे व शव को पोस्टमार्टम के लिए शव ग्रह में रखवाया। शुक्रवार सुबह 10 बजे करीब कुकडेश्वर पुलिस अस्पताल पहुंची व मामला दर्ज करते हुए महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाया।
महिला के पति बाबूलाल भील ने बताया कि हम लोग पिछले 3 साल से ग्राम कड़ी में रहकर मजदूरी कार्य करते है। रात को शिवानी को अचानक घबराहट हुई और उसकी मौत हो गई। संदिग्ध स्थिति को देखते हुए कुकडेश्वर पुलिस मामले की जांच कर रही है।