ग्वालियर। केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गाँव, गरीब और किसानों की प्रगति के लिये न केवल प्रयत्नशील हैं बल्कि लालायित भी हैं। मध्यप्रदेश ने कृषि के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त की है। केन्द्रीय मंत्री तोमर गुरूवार को दतिया जिले में रानी लक्ष्मीबाई केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय के दतिया परिसर में पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय, मास्त्यिकी महाविद्यालय तथा पहुँज नदी एवं बेतवा नदी के नाम से निर्मित छात्रावासों के लोकार्पण अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में यह बात कही। कार्यक्रम में प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र व क्षेत्रीय सांसद संध्या राय भी अतिथि के रूप में शामिल हुए।
दतिया जिले के नौनेर ग्राम में आयोजित समारोह में सचिव कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग व निर्देशक नईदिल्ली डॉ. हिमांशु पाठक, कुलाधिपति रानी लक्ष्मीबाई केन्द्रीय कृषि महाविद्यालय डॉ. पंजाब सिंह, कुलपति रानी लक्ष्मीबाई केन्द्रीय कृषि महाविद्यालय झांसी डॉ. अशोक कुमार सिंह सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि 350 करोड़ रूपए की लागत से विकसित इन संस्थाओं से बुन्देलखंड क्षेत्र के किसानों को लाभ मिलेगा। इसके साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। उन्होंने कहा कि एक समय बुन्देलखंड के लोग गर्मी के दौरान पलायन करते थे। लेकिन आज के परिवेश में बुन्देलखंड ने कृषि के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। कृषि के नए-नए अनुसंधानों को अपनाकर बुन्देलखंड अब निरंतर प्रगति की ओर बढ़ रहा है। पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय एवं मात्स्यिकी महाविद्यालय की स्थापना से बुन्देलखंड के विकास के द्वार भी खुलेंगे। यहाँ के किसानों को आधुनिक खेती के साथ-साथ मत्स्य पालन के संबंध में भी नए अवसर उपलब्ध होंगे।