मंदसौर। भूतभावन भगवान पशुपतिनाथ लोक का सपना अब साकार होने जा रहा है। उज्जैन के बाबा महाकाल लोक की तर्ज पर मंदसौर में भी भव्य भगवान पशुपतिनाथ कॉरिडोर का निर्माण होने जा रहा है। इसके लिए प्रदेश की सरकार ने 25 करोड़ रुपए की राशि जारी कर दी है। मंदसौर के विकास में मिल का पत्थर साबित होने वाली इस बहूप्रतीक्षित योजना का आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल से वर्चुअली शुभारंभ किया। मंदसौर में पूज्य संतों की मौजूदगी में यह शुभारंभ समारोह संपन्न हुआ।
इस अवसर पर आज मंदिर परिसर में भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में पूज्य संतगण मणिमहेश चैतन्य जी महाराज, रामकिशोर दास जी महाराज, भीमाशंकर शास्त्री, डॉ देवेंद्र शास्त्री, पंडित दशरथ भाई का सानिध्य मिला। इसके साथ ही स्थानीय विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया, भाजपा जिलाध्यक्ष नानालाल अटोलिया भी मौजूद रहे।