खरगोन। देवी आराधना का पर्व शारदीय नवरात्र 15 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है। इन 9 दिनों में माता के भक्त भक्ति भाव से मां की आराधना करेंगे। वहीं रात्रि में जागरण स्वरूप गरबा रास से भक्ति का उल्लास देखने को मिलेगा। नवरात्र उत्सव को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। गरबा की प्रस्तुति के लिए गरबा टीमों ने तैयारियां शुरू कर दी है।
इसी बीच शहर के ज्योति नगर में नवरात्र को लेकर विशेष उल्लास छाया है। इस क्षेत्र के रहवासी नवरात्र पर्व को एक परिवार के रूप में साथ मिलकर मनाते हैं। नवरात्र उत्सव को लेकर ज्योति नगर में आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियां देखने को मिल रही हैं। यहां तीन अलग-अलग वर्गाे में गरबा टीमों का गठन कर प्रशिक्षित कोरियोग्राफर गरबा रास का प्रशिक्षण दे रहे हैं।
समिति के मीडिया प्रभारी दिलीप सोनी ने बताया कि यहां प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी भव्य पांडाल में गरबों की प्रस्तुति दी जाएगी। बालिकाओं और महिलाओं के अलग-अलग ग्रुप गरबा प्रशिक्षण में भाग लेकर अपनी कला को निखार दे रहे हैं।
समिति अध्यक्ष इंजीनियर नितिन मालवीय ने बताया कि ज्योति नगर में पिछले 7 साल से नवरात्र उत्सव आनंद और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। आयोजन को लेकर सभी रहवासी मिलकर तैयारी करते हैं। यह आयोजन का आठवां वर्ष है। क्षेत्र के रहवासी इसे परिवार की तरह मिलकर बना रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों से हमारी संस्कृति और परंपराओं को पहचान मिलती है, जो आने वाली पीढ़ी के लिए एक मार्गदर्शक बनने में सहायक होती है।
कॉलोनी की बालिकाओं और महिलाओं द्वारा गरबा रास की नई-नई स्टेप्स, परिधान, गीतों को लेकर विशेष उत्साह है। इस मौके पर कॉलोनी में आकर्षक विद्युत सज्जा भी की गई है। सुरक्षा के लिए रहवासी क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। इसके साथ ही समिति द्वारा वालेंटेरियर भी नियुक्त किए गए हैं। जो आयोजन के दौरान व्यवस्था को संभालेंगे।