चित्तौड़गढ़। वंडर सीमेंट लि की भट्टकोटड़ी एवं धनोरा लाईम स्टोन माइन्स पर खान सुरक्षा महानिदेशालय (उदयपुर क्षेत्र) के तत्वाधान में मनाया जा रहे 47वें खान सुरक्षा सप्ताह के अन्तर्गत कम्पनी के खान कार्यालय परिसर में निदेशक, खान सुरक्षा (उदयपुर क्षेत्र) निरंजन कुमार (उपनिदेशक खनन) के मुख्य आतिथ्य में खान सुरक्षा सप्ताह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान निरंजन ने सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कार्य के दौरान सुरक्षा के विभिन्न पहलूओं के बारे में जानकारी दी। वंडर सीमेंट लि के राजेन्द्र शर्मा (उपाध्यक्ष प्रोसेस) ने सुरक्षा उपकरणों का नियमित उपयोग करते हुए सुरक्षित तरीके से कार्य संपादित करने की बात कही।
इस अवसर पर निदेशक निरंजन कुमार के मार्गदर्शन में निरक्षण दल के कन्वेनर लाल सिंह पोखरना एवं सदस्यगण हेमेन्द्र त्रिपाठी, महेश फुलवारीया एवं प्रकाश डांगी द्वारा वंडर सीमेंट लि की दोनों खदानों का निरीक्षण किया गया। कार्यक्रम के आरम्भ में कम्पनी के महा प्रबंधक (माइन्स) राजु जैन ने अतिथियों का स्वागत कर खदान में चल रहे सुरक्षा के मुख्य कार्यों के बारे में अवगत कराया। कम्पनी के सुनील बोरा ने सभी को सुरक्षा की शपथ तथा सीपी तिवारी द्वारा स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। साथ ही कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा स्लोगन, पोस्टर की प्रदर्शनी तथा सुरक्षा जागरुकता आधारित गीत व सुरक्षा वार्ता का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन गिरीश श्रृंगी ने किया।