प्रतापगढ़। सांवलिया के दर्शनों के लिए जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। वहीं दुर्घटना में 18 यात्री घायल हो गए हैं। सभी घायलों को प्रतापगढ़ के जिला हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
घटना शनिवार सुबह 4.30 बजे प्रतापगढ़-बांसवाड़ा एनएच-56 पर कचोटियां गांव में हुई। जानकारी के अनुसार बस में 41 यात्री सवार थे। सभी यात्री सुहागपुरा तहसील (प्रतापगढ़) के रहने वाले है।
जानकारी के अनुसार सभी यात्री शनिवार सुबह करीब 4 बजे चित्तौड़गढ़ में शनि महाराज और सांवलिया जी के दर्शनों के लिए निकले थे। सुहागपुरा से निकलने बाद दो किलोमीटर दूर कचोटियां गांव में हादसा हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख पुकार मच गई। तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई। वहीं, एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। राहगीरों ने निजी वाहनों से घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया।
मृतकों में सुहागपुरा क्षेत्र के नाथूलाल (60) पुत्र नारिया मीणा निवासी लंबा डबरा, रूपलाल (45) पुत्र मोनिंग मीणा, हीरालाल (50) पुत्र वाजिया मीणा, गोपाल (62) पुत्र रत्न मीणा सभी निवासियां लांबा डाबरा सभी सुहागपुरा थाना क्षेत्र के हैं। वहीं, नारायण पुत्र हूरजी मीणा, दल्ला पुत्र आशिया मीणा, अशोक पुत्र मोहन मीणा, धर्मेंद्र पुत्र हुर्ता मीणा, कालू पुत्र रावजी मीणा, सूरजमल पुत्र गणेश मीणा, हूरता पुत्र धावरा मीणा, रूपा पुत्र हकरा मीणा, हेमराज पुत्र नंद मीणा, तोलकी बाई पत्नी हेमराज मीणा, चोरबन पुत्र हुर्जी मीणा, प्रभु लाल पुत्र कमल मीणा, मोहन पुत्र ललिया मीणा सभी निवासी लांबा डाबरा के रहने वाले हैं।
कलेक्टर इंद्रजीत यादव एवं एसपी अमित कुमार जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों को उचित इलाज को लेकर प्रमुख चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया। कलेक्टर ने बताया कि सभी लोग आज सुबह ही धार्मिक यात्रा पर निकले थे। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, यात्रियों से भी जानकारी ली जा रही है।