उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में पांच दिवसीय उमा सांझी महोत्सव का समापन हुआ। सोमवार को अश्विन शुक्ल द्वितीया (चन्द्र दर्शन) को परम्परानुसार मंदिर समिति के निशुल्क अन्नक्षेत्र में 108 कन्याओं को भोजन कराने के बाद पूजन कर उपहार वितरित किए। मंदिर समिति द्वारा प्रति वर्ष नवरात्रि में कन्या पूजन का आयोजन किया जाता है। सोमवार शाम को मंदिर से उमा माता की सवारी भी निकलेगी।
शारदीय नवरात्रि का पर्व प्रारंभ होने के साथ ही सोमवार को मंदिर परिसर में आयोजित पांच दिवसीय उमा सांझी महोत्सव का समापन हो गया। मंदिर समिति द्वारा नवरात्रि की द्वितीया तिथि पर अन्नक्षेत्र में कन्या पूजन का आयोजन किया। अन्नक्षेत्र के प्रभारी मिलिंद वैद्य ने बताया कि मंदिर के पुरोहित समिति के अध्यक्ष अशोक शर्मा ने करीब 108 कन्याओं का पूजन कर उपहार प्रदान किए।
इस अवसर पर मंदिर के सहायक प्रशासनिक अधिकारी आरके तिवारी, प्रतीक द्विवेदी, मनीष तिवारी, राजेंद्र सिंह सिसोदिया मौजूद थे। वहीं अब शाम को उमा माता की सवारी महाकाल मंदिर प्रांगण से निकलेगी। शिप्रा तट पर जवारे विसर्जन के बाद सवारी वापस मंदिर पहुंचेगी। गौरतलब है कि श्री महाकालेश्वर मंदिर समिति के नवनिर्मित अन्नक्षेत्र का विधिवत संचालन 14 अक्टूबर से हो गया है।