नीमच। जिले के कुकड़ेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम हनुमंतिया निवासी एक 45 वर्षीय व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस टक्कर के बाद उक्त व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
जिला अस्पताल से प्राप्त जानकारी के अनुसार तूफान सिंह पिता रंगलाल कालबेलिया उम्र 45 वर्ष निवासी ग्राम हनुमंतिया रविवार रात्रि में अपनी बाइक से जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसे अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में तूफान सिंह गम्भीर रूप से घायल हो गया। तूफान को पहले मनासा के शासकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे नीमच जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। मगर परिजन उसे निजी चिकित्सालय में इलाज के लिए ले गए। जहां तूफान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं मृतक के शव को नीमच जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।