शामगढ़/गरोठ। शामगढ़ पुलिस ने रेलवे कॉलोनी स्थित एक रेलवे आवास पर कार्रवाई करते हुए ताश के पत्तों पर हार-जीत का जुआ खेल रहे पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2,060 रुपये नकद एवं जुआ सामग्री जब्त कर जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम रेलवे कॉलोनी के क्वार्टर क्रमांक 238/ई् में जुआ खेले जाने की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें तीन रेलवे कर्मचारी भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि संबंधित आवास रेलवे पावर हाउस शामगढ़ में पदस्थ कर्मचारी विजय कुमार मीणा का है।
गिरफ्तार आरोपियों में ज्ञानेश पिता बलबीर सिंह, रिजवान पिता शहजाद, विजय कुमार पिता बाबूलाल मीणा, जय सिंह गुर्जर पिता खिलाड़ी गुर्जर तथा फैजान पिता जमील खान शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं रेलवे आवास में अवैध गतिविधि संचालित होने और रेल कर्मचारियों की संलिप्तता सामने आने के बाद अब रेल प्रशासन की ओर से विभागीय कार्रवाई की संभावना भी जताई जा रही है।