नीमच। जिले की मनासा जनपद पंचायत क्षेत्र के मोखमपुरा गांव में स्टॉप डैम के आसपास 2 मगरमच्छ दिखने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। इसकी वजह से ग्रामीण डैम के पास अपने खेतों और इस इलाके में जाने से घबरा रहे हैं।
ग्रामीणों को आशंका है कि कभी कहीं से भी मगरमच्छ हमला कर सकता है। खेत में जा रहे ग्रामीण सतर्क हैं। उन्हें डैम की पाल से होकर जाना पड़ रहा है। ऐसे में ग्रामीणों ने वन विभाग को इसकी सूचना दी है। वन विभाग ने दोनों मगरमच्छ को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए हैं। हालांकि अब तक पिंजरे में मगरमच्छ नहीं आए हैं।
गांव के किसान मनोज पाल ने बताया कि खेतों पर जाने का यह एकमात्र रास्ता है। दिन या रात के समय कभी भी सिंचाई के लिए खेत आना पड़ सकता है। ऐसे में हर समय डर का माहौल बना रहता है।