भोपाल। शारदीय नवरात्र में सजने वाले पंडालों में देश के कई प्रख्यात मंदिरों की झलक उनकी प्रतिकृति के रूप में देखने को मिल रही है। कई पंडालों में भगवान की लीला प्रसंगों पर आधारित झांकियां सजाई गई हैं तो कहीं पर पंडाल में विराजी मातारानी के अलग-अलग स्वरूपों के दर्शन करने शहरवासी पहुंच रहे हैं। बिट्टन मार्केट, न्यू मार्केट रोशनपुरा, विजय मार्केट सहित अन्य झांकियों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।
अरेरा कालोनी में केदारनाथ मंदिर की भव्य प्रतिकृति बनाई गई है। इसी तरह एमपी नगर में कंबोडिया का अंकोरवाट मंदिर बनाया गया है। इसमें मां दुर्गा की 9 फीट की प्रतिमा की स्थापना की गई है। यहां वृंदावन के प्रसिद्ध प्रेम मंदिर की प्रतिकृति बनाई गई है। झांकी में मां दुर्गा की प्रतिमा के अलावा करीब 75 प्रतिमाएं और हैं। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं को दशार्या गया है। समिति के अध्यक्ष विपिन आहूजा ने बताया कि 29 लाख रुपए की लागत से झांकी को सजाया गया है।
इस बार बिट्टन मार्केट में महाराष्ट्र के कोल्हापुर स्थित महालक्ष्मी मंदिर की झांकी का स्वरूप बनाया गया है। समिति पिछले पांच वर्षों से स्थापना की मूर्ति का ही विसर्जन करती है, जो तीन फीट की होती है। इसके अतिरिक्त पंडाल में करीब 40 से 50 मूर्तियां भी होती हैं। पर्व के समापन के बाद उन्हें मूर्तिकार को वापस दे दिया जाता है।
इस बार नवरात्र के लिए न्यू मार्केट में अयोध्या में आकार ले रहे भव्य रामलाल मंदिर की झांकी तैयार की गई है। जो पूरी तरह अयोध्या के निमार्णाधीन राम मंदिर पर आधारित होगी। राम मंदिर का स्वरूप कैसा होगा, मूर्तियां किस तरह की होंगी सहित मंदिर की हूबहू प्रतिकृति यहां तैयार की गई है। व्यापारी दुर्गा उत्सव समिति न्यू मार्केट की ओर से न्यू मार्केट रोशनपुरा चौराहे के पास यह झांकी सजाई गई है। यह झांकी लगभग 45 लाख की लागत से तैयार की गई है।