चित्तौड़गढ़। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर मीरा स्मृति संस्थान की ओर से भक्त शिरोमणि मीराबाई की जयंती के उपलक्ष्य में त्रि-दिवसीय भव्य मीरा महोत्सव 27 से 29 अक्टूबर तक स्थानीय भरत बाग में आयोजित किया जाएगा।
संस्थान अध्यक्ष एस एन समदानी ने बताया कि मीरा महोत्सव के प्रथम दिवस 27 को संध्यावेला में मेवाड़ युनिवर्सिटी के लोक कलाकारों द्वारा भक्तिमती मीरा नृत्य नाटिका की प्रस्तुति के साथ ही चंद्रकला एकेडमी ऑफ डांस, म्यूजिक एवं आर्ट्स नई दिल्ली, बिरला शिक्षा केंद्र व मेवाड़ गर्ल्स कॉलेज की लोक प्रतिभाओं द्वारा नृत्य एवं संगीत की रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएगी। उन्होंने बताया कि समारोह के द्वितीय दिवस शरद पूर्णिमा 28 अक्टूबर को उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के सौजन्य से कृष्णमयी मीरा नृत्य नाटिका की प्रस्तुति दी जाएगी, जिसमें सुविख्यात नृत्य कला नैत्री पद्म नलिनी कम्लिनी द्वारा निर्देशित एवं अभिनीत नृत्य नाटिका की प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसी प्रकार उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र प्रयागराज के सौजन्य से बृ्रज क्षेत्र मयूर, होली एंव चीरकूला नृत्य की मनभावन प्रस्तुति के साथ ही शर्मा बंधु उज्जैन द्वारा मीरा भजन एंव भक्ति संगीत का आयोजन शहर वासियों के लिये आनंदोत्सव का प्रतीक होगा।
समदानी ने बताया कि महोत्सव के अंतिम दिवस 29 अक्टूबर को गुजराज सरकार के संस्कृति विभाग की ओर से प्रथम बार गुजरात का एक प्रसिद्ध गरबा दल गरबा महारास, डांडिया रास एवं गैर नृत्य के आयोजन में भागीदारी निभाएगा। उन्होंने बताया कि संध्यावेला में भरत बाग में ही मेवाड़ विश्वविद्यालय के महारास के साथ ही चित्तौड़गढ का डांडिया नृत्य एंव मेवाड़ गैर दल की आकर्षक प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र होगी। उन्होंने बताया कि प्रातः 8.15 बजे दुर्ग स्थित मीरा मंदिर में भक्ति रसोत्सव में पद्म नलिनी कम्लिनी एंव सहयोगी कलाकारों द्वारा मीरा भाव नृत्य एंव भजन व भक्ति संगीत की आकर्षक प्रस्तुतियों के बीच उज्जैन के शर्मा बंधु भक्त शिरोमणि मीरा को उन्ही के भजनों की प्रस्तुतियां देकर स्वरांजलि अर्पित करेंगे।