ग्वालियर। जिले के घाटीगांव में हाइवे पर अचानक गाय सामने आने पर उसे बचाने के प्रयास में वीडियो कोच लग्जरी बस पलट गई है। घटना शुक्रवार सुबह 5 बजे घाटीगांव में हुई है। बस इंदौर से मथुरा यूपी के लिए निकली थी। हादसे के समय बस में सवार यात्री नींद में थे जैसे ही बस पलटी यात्रियों में चीख पुकार मच गई। बस पलटी देख वहां से गुजर रहे वाहनों के चालक ने रेस्क्यू शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। घटना का पता चलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। हादसे में आधा दर्जन यात्री घायल हुए हैं। किसी को गंभीर चोट नहीं होने से पुलिस ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
गुरुवार रात को इंदौर के विजय नगर से शरद बस सर्विस की एक वीडियो कोच लग्जरी बस नंबर एमपी 07 पी 2123 मथुरा उत्तर प्रदेश के लिए निकली थी। सुबह 5 बजे यह बस ग्वालियर के घाटीगांव में आगरा-मुम्बई नेशनल हाइवे पर फर्राटे भर रही थी कि भी घाटीगांव इलाके में अचानक गाय हाइवे पर आ गई। बस की रफ्तार अच्छी होने पर चालक ने गाय को बचाने के लिए काफी प्रयास किया, लेकिन बस अनियंत्रित होकर हाइवे किनारे पलट गई। जिसमें दो युवक को गंभीर चोट लगी तथा आधा दर्जन से ज्यादा यात्री मामूली रूप से घायल हो गए। हादसे के समय यात्री नींद में थे इसलिए संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद वहां से निकल रहे अन्य वाहनों में सवार लोगों ने पुलिस को सूचना दी। साथ ही बचाव कार्य में लग गए। पुलिस व अन्य ने बस में फंसे घायलों को बाहर निकाल कर उपचार के लिए भर्ती कराया है। पुलिस भी बिना देर किए मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किए। राहत की बात यह है कि हादसे में कोई भी बहुत गंभीर नहीं है और न ही कोई जनहानि है।
थाना प्रभारी घाटीगांव प्रशांत शर्मा का कहना है कि हादसा कैसे हुआ इसकी जांच की जा रही है। राहत की बात यह है कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। घायलों का उपचार कराया जा रहा है।