चित्तौड़गढ़। श्री मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज अपने आराध्य देव महाराजा अजमीढ़ जी का जन्मोत्सव शरद पूर्णिमा 29 अक्टूबर 2023 रविवार को मनाने जा रहा है। स्वर्णकार समाज के पितृ पुरुष के सम्मान में दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन समाज के भवन श्री महाराजा अजमीढ़ स्वर्णकार भवन, गांधीनगर सेक्टर-5, चित्तौड़गढ़ पर रखा गया है।
28 अक्टूबर 2023 शनिवार को प्रातः 9:00 बजे श्री महाराजा अजमीढ़ सर्कल पर माल्यार्पण, 10:00 बजे स्वर्णकार सर्राफा एसोसिएशन, चित्तौड़गढ़ द्वारा श्री सांवलियाजी राजकीय चिकित्सालय में फल व बिस्किट वितरण, दोपहर 1:00 बजे से रंगोली प्रतियोगिता व मेहंदी प्रतियोगिता, सायं 5:00 बजे फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, 7:00 बजे महिलाओं पुरुषों व युवाओं के लिए गरबा डांडिया प्रतियोगिता के आयोजन के बाद विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
29 अक्टूबर 2023 रविवार को प्रातः 8:00 बजे समाज के श्री चारभुजा मंदिर ऊपरला पाड़ा से श्री महाराजा अजमीढ़जी की भव्य शोभायात्रा आरंभ होगी। जो गांधी चौक, सदर बाजार, गोलप्याऊ चौराहा, सुभाष चौक होते हुए समाज के गांधीनगर स्थित भवन पर पहुंचेगी। इस शोभायात्रा में समाज के सभी बंधु अपने व्यवसाय का अवकाश रखकर श्वेत परिधान में शामिल होंगे तथा सभी महिलाएं चूंदड़ में बच्चे सज धज कर शामिल होंगे।
प्रातः 11.30 बजे श्री महाराजा अजमीढ़ जी की सामूहिक आरती के पश्चात समाज के वरिष्ठ (80 वर्ष या अधिक से) पुरुष व महिलाओं का सम्मान व समाज की प्रतिभाओं कक्षा दसवीं, बारहवीं, स्नातक, स्नातकोत्तर परीक्षा में 80 प्रतिशत या अधिक प्राप्तांक वाले विद्यार्थियों का तथा अन्य तकनीकी डिग्री वालों का सम्मान तथा राज्य व राष्ट्र स्तर की खेल प्रतिभाओं का सम्मान मंचासीन अतिथियों द्वारा किया जाएगा। श्री महाराजा अजमीढ़ जी की जीवनी व शिक्षा, सामाजिक एकता, विकास एवं जागृति पर चर्चा के बाद सामूहिक स्नेह भोज का कार्यक्रम आयोजित होगा।