मनासा। विधानसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी के समर्थन से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे पार्टी के जिला उपाध्यक्ष रमेश पिता पन्नालाल गुर्जर उम्र 47 वर्ष गुरुवार को एक सड़क हादसे में गम्भीर रूप से घायल हो गए।
गुर्जर नीमच से बाइक पर सवार होकर मनासा जा रहे थे। इसी दौरान गिरदौड़ा के समीप एक जीप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे गुर्जर गम्भीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया है।
गुर्जर कलेक्टर कार्यालय में आयोजित एक मीटिंग में शामिल होकर बाइक द्वारा मनासा जा रहे थे तभी गिरदौड़ा से रेवली देवली के बीच जीप क्रमांक एमपी 14 एफ 3362 ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक जीप में फंस गई व गुर्जर करीब 100 मीटर तक जीप के साथ घसीटते हुए गई। जीप तथा बाइक सड़क के साइड खाई में उतर गई। दुर्घटना में गुर्जर को चेहरे पर अनेक जगह गंभीर चोटें आई है। घटना की जानकारी मिलते ही आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता नवीन अग्रवाल, जिला अध्यक्ष अशोक सागर, चंद्रेश सेन, बालचंद वर्मा आदि दुर्घटना स्थल पहुंचे और 108 की मदद से गंभीर रूप से घायल गुर्जर को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां गुर्जर का जिला चिकित्सालय के ट्रामा सेन्टर में उपचार जारी है।