सिंगोली। कस्बा स्थित पुलिस थाने के पास पालीवाल भोजनालय के बाहर बुधवार दोपहर करीब 3.30 बजे पेट्रोमैक्स गैस सिलेंडर में विस्फोट होने के बाद व्यस्ततम चौराहे पर भगदड़ मच गई। हालांकि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, जबकि 50 फूट ऊंचाई पर हवा में लहराते गैस सिलेंडर का एक हिस्सा नगर निकाय परिसर में जा गिरा जहां कार्यरत कर्मचारी बाल बाल बच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बड़ी स्थित सोलर ऊर्जा प्लांट में कार्यरत एक कर्मचारी पेट्रोमैक्स गैस सिलेंडर सहित अन्य घरेलू सामान लेकर बड़ी जाते समय होटल पर रुका तथा होटल कर्मचारी को बाईक सहित सभी सामान सौंपकर अन्य सामान की खरीददारी करने बाजार चला गया, तब ही होटल के बाहर प्लास्टिक के बैग में बंद गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया और सिलेंडर के परखच्चे उड़ गए। सिलेंडर का एक हिस्सा 50 फीट ऊंचाई पर हवा में लहराता हुआ होटल से 100 मीटर दूर नगर निकाय परिसर में जा गिरा। गनीमत रहा कि वहां कार्यरत कर्मचारी उसकी चपेट में नहीं आए वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सिलेंडर के टुकड़े और अन्य सामान जब्ती में लेकर संबंधित व्यक्ति से पूछताछ कर रही है।