नीमच। प्रदेश की सबसे बड़ी नीमच की कृषि उपज मंडी में आए दिन किसानों के साथ कुछ ना कुछ वारदातें घटती रहती हैं। जिसके चलते मंडी परिसर में बवाल मचा रहता है। मगर फिर भी मंडी प्रशासन इस ओर ध्यान देने को तैयार नही है। अभी हाल ही चुनाव और दीपावली का त्योहार निपटा हैं। दस दिनों की छुट्टी के बाद अब मंडी सुचारू रूप से चालू हुई हैं और किसान अपनी उपज लेकर मंडी में देर रात और अलसुबह पहुंच रहे है। वहीं आज फिर उस समय प्याज मंडी में हंगामा मच गया जब एक हम्माल ने माल तुलाई के 20 रुपये एक्स्ट्रा मांगे लेकिन जब किसान ने एक्स्ट्रा पैसे देने से मना कर दिया तो दोनों में कहासुनी के बाद हाथापाई हो गई।
ग्राम पिपलिया रुंडी से आए किसान शिवा बंजारा के साथ हम्माल ने गाली गलौच कर थप्पड़ मार दिया। जिसको लेकर प्याज मंडी में अफरा तफरी मच गई और किसानों में हम्मालों के खिलाफ भारी आक्रोश पनप गया। किसान एकत्रित होकर मंडी प्रशासन के पास पहुँच गए। जिसके बाद मंडी प्रशासन ने उक्त हम्माल को मौके पर बुलाया हैं।