नीमच। महू-नसीराबाद नेशनल हाईवे पर स्थित हर्कियाखाल चौकी के पास गुरूवार शाम को एक लहसुन से भरा ट्रक पलट गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। लेकिन करीब दो घंटे पुलिस प्रशासन को यातायात वन-वे करना पड़ा। एक ही पट्टी से आवागमन जारी रहा। घटना पर तत्काल पुलिस ने मदद बुलवाकर ट्रक व लहसुन को मार्ग से हटवाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नीमच मंडी में लहसुन के अच्छे दाम मिलने पर गुरुवार को बड़नगर के लोहाना गांव से कुछ किसान एक ट्रक में अपना लहसुन भरकर नीमच आ रहे थे। ट्रक में किसान शंभूलाल यादव, भोला यादव भी सवार थे। गुरुवार शाम को नीमच के पहले हर्कियाखाल चौकी से कुछ दूरी पर ट्रक पलट गया। किसानों के अनुसार ट्रक का टायर फटने से यह दुर्घटना हुई। हालांकि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई किसानों को मामूली चोट आई। हादसे में ट्रक से सारा लहसुन सड़क पर बिखर गया। इसके चलते हाइवे पर एक तरफ का मार्ग बंद करना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस ने ट्रक व लहसुन हटवाने का कार्य शुरू किया। इस दौरान करीब दो घंटे एक रोड से ही यातायात का आवागमन जारी रहा। हाइवे से ट्रक व लहसुन हटवाने के बाद यातायात सुचारू हुआ।
हर्कियाखाल चौकी के पास हाइवे पर ट्रक पलटने के बाद पुलिस ने चौकी के यहां बैरिकेड्स लगाकर मार्ग बंद कर दिया। इसके बाद भी एक बाइक सवार बैरिकेड्स के बीच की जगह से निकलकर नीमच तरफ जाने लगा। इसके चलते वह आगे पलटे ट्रक में जा घुसा और घायल हो गया। उसके सर में चोट आना बताया जा रहा है। युवक की स्थिति गंभीर होने पर दो व्यक्ति उसे बाइक पर बैठाकर नीमच जिला अस्पताल लाए जहां उसका इलाज किया जा रहा है।