नीमच। हमेरिया तालाब से पानी को नहर की बजाय नाले में व्यर्थ बहाए जाने से नाराज नीमच जिले के तेरह गांव के किसान लामबंद होकर जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। केलुखेड़ा, बामनिया, भंवरासा, रातड़िया, चंपी, अरनिया मानगीर, भाटखेड़ा, काली कोटड़ी आदि गांव के बड़ी संख्या में किसानों ने जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।
डिप्टी कलेक्टर किरण आंजना को दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि हमेरिया में निर्मित तालाब से प्रतिवर्ष नहर में दो बार पानी छोड़ा जाता है। लेकिन इस वर्ष जल संसाधन विभाग के अधिकारियों द्वारा पानी को नाले में छोड़कर व्यर्थ बहाया जा रहा है। बारिश कम होने से पहले ही तालाब में पानी कम है। अधिकारियों की मनमर्जी से पानी को काइट एरिया से बाहर छोड़ने को लेकर जब किसान विरोध कर रहे हैं तब विभाग ने पुलिस की सहायता लेकर जबरन पानी को नाले में बहाना शुरू कर दिया है। जिस कारण पानी का जलस्तर काफी नीचे चले जाने की आशंका उत्पन्न हो गई है। गांव के किसानों ने कहा कि हालात यूं ही बने रहे तो पशु पक्षियों के लिए भी आने वाले समय में पानी मिलना दुभर हो जाएगा। ग्रामीणों ने जिलाधीश से जल्द से जल्द कार्रवाई की गुहार लगाकर पानी को नाले में बहाने से रोकने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मामले में राजनीतिक दखलअंदाजी हो रही है।