नीमच। राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के सुप्रीमो सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के हत्यारों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग को लेकर नीमच में करणी सेना ने सड़क पर उतरकर जंगी प्रदर्शन किया। सैकड़ो की संख्या में जमा करणी सेनिकों के साथ सर्व समाज के लोग भी शामिल रहे। यह लोग लामबंद होकर कलेक्टर कार्यालय के बाहर विरोध स्वरूप मुख्य मार्ग पर बैठ गए और चक्का जाम कर दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल भी पहुंच गया। आक्रोषित करणी सैनिकों ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यहां एकत्रित लोगों ने पैदल मार्च भी किया। इसके बाद सभी लोग कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और यहां राजस्थान के राज्यपाल के नाम एसडीएम ममता खेड़े को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि करणी सेना, राजपूत समाज और सर्व समाज में सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या से जबरदस्त नाराजगी है। इस निर्मम हत्याकांड को अंजाम देने वाले हत्यारे को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सजा दी जाए। यदि 24 घंटे में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना हर वर्ग को साथ लेकर सड़क पर उतरकर आंदोलन करने पर मजबूर होगा।