मनासा। विजयवर्गीय समाज मनासा द्वारा मां मीराबाई जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर समाज की धर्मशाला में महिला मंडल के तत्वावधान में सांस्कृतिक एवं भजन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ समाज के वरिष्ठजन श्रवण कुमार विजयवर्गीय, जगदीश विजयवर्गीय, राधेश्याम विजयवर्गीय, सुरेश विजयवर्गीय, अध्यक्ष रविंद्र विजयवर्गीय सहित समाजजनों एवं महिला मंडल की सदस्यों ने मां मीराबाई के चित्र पर पूजा-अर्चना कर किया।
मीरा की कृष्ण भक्ति से लिया प्रेरणा का संदेश-
महिला मंडल की पदाधिकारियों ने मां मीराबाई के जीवन एवं उनकी कृष्ण भक्ति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मीराबाई की भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अटूट श्रद्धा और निष्काम भक्ति प्रेरणादायी है। उन्होंने अपने जीवन में भक्ति, साधना और समर्पण का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर मीराबाई के भजनों की प्रस्तुति दी गई। कमलेश विजयवर्गीय, महेश विजयवर्गीय सहित महिला मंडल की सदस्यों ने भजनों की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर महिला मंडल ने समाजजनों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।