शामगढ़। नगर के हृदय स्थल शिव हनुमान मंदिर लोगों की मुख्य आस्था का केंद्र है। इस मंदिर के सामने वर्षों पहले कांग्रेस के शासन में गांधीजी की प्रतिमा स्थापित की गई थी। अब शिव हनुमान मंदिर समिति द्वारा इस प्रतिमा को हटाकर अन्यंत्र स्थांतरित करने की मांग की गई है। शिव हनुमान मंदिर समिति ने नगर परिषद अध्यक्ष कविता नरेंद्र यादव को दिए गए आवेदन में बताया कि भगवान शिव के सामने नंदीश्वर की प्रतिमा स्थापित होनी है। इसलिए गांधी प्रतिमा को हटाया जाए। नगर में नंदीश्वर की स्थापना को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है।
धार्मिक मान्यताओं की मानें तो भगवान शिव के सामने नंदी ही विराजते है। कहीं न कहीं वर्तमान चुनाव के नतीजों और हिंदूवादी सरकार के दोबारा नीचे से ऊपर तक होने से इस कार्य में कोई खास अड़चन दिख नहीं रही है। उक्त गांधी प्रतिमा 15 अगस्त 2003 को शामगढ़ नगर परिषद अध्यक्ष संध्या देवी जायसवाल एवं विधायक पुष्पा भारती के कार्यकाल में स्थापित की गई थी।
इनका कहना है-
नप अध्यक्ष कविता नरेंद्र यादव ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। गांधी प्रतिमा अन्यत्र स्थापित करने का निर्णय नगर परिषद की बैठक में प्रस्ताव लाकर लिया जाएगा।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शामगढ़ कमलेश जायसवाल ने बताया कि भगवान शिव के सामने दो नंदी कहां उचित होंगे। मंदिर में एक नंदी पहले से ही विराजमान है। समिति जो मांग कर रही है वह गलत है। क्योंकि यह नंदी शिव के सामने न होकर मंदिर के बाहर विराजित किए जाने की योजना बनाई जा रही है। बरसों से इसे गांधी चौक के नाम से जाना जाता है कहीं ना कहीं गांधी प्रतिमा हटाए जाने की साजिश है।