चित्तौड़गढ़। श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के बाद प्रदेशभर में आक्रोश है। चित्तौड़गढ़ में भी हत्या के विरोध में बुधवार को बाजार पूरी तरह बंद रखे गए। स्कूल और पेट्रोल पंप को भी बंद रखा गया। कलेक्ट्रेट चौराहे पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान जगह-जगह पुलिस जाब्ता तैनात रहा। इस दौरान कुछ दुकानों पर तोड़फोड़ भी की गई, जिसके खिलाफ व्यापारियों ने अपना गुस्सा भी जाहिर किया।
चित्तौड़गढ़ जिला बंद करने के आह्वान पर मुख्यालय सहित सभी तहसीलों में व्यापारियों ने अपनी-अपनी दुकानों को बंद रखा। कई स्कूल, रोडवेज बस स्टैंड और पेट्रोल पंप भी बंद रहे। कलेक्ट्रेट चौराहे पर सर्व समाज के लोग एकत्रित हुए और टायर जलाकर नारे भी लगाए।
बड़ी संख्या में राजपूत समाज एवं अन्य समाज के लोग चित्तौड़गढ़ जिला मुख्यालय पर स्थित कलेक्टर चौराहे पर एकत्रित हुए । यहां पर धरना देकर प्रदर्शन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में सर्व समाज के लोग यहां पर जुटे , और हत्या के आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है। साथ ही इस प्रदर्शन को व्यापार संघ चित्तौड़गढ़ ने भी समर्थन दिया।
जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तारी, फांसी या फिर एनकाउंटर की मांग के समर्थन में जिला प्रशासन को राज्यपाल के नाम ज्ञापन दिया।