मुरैना। पूर्व केंद्रीय मंत्री व विधायक नरेंद्र सिंह तोमर एक दिवसीय दौरे पर मुरैना आए। उन्होंने शनि मंदिर पहुंचकर शनिदेव की पूजा अर्चना की। पुजारी ने करीब 20 मिनट तक विधि विधान से पूजा अर्चना कराई। इसके बाद विधायक तोमर ने मीडिया से चर्चा की।
इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में सरकार का गठन बहुत जल्दी होगा और मध्य प्रदेश में विधायक दल की बैठक होने के बाद मुख्यमंत्री की चयन प्रक्रिया भी पूरी हो जाएगी। तीनों राज्यों के पर्यवेक्षक घोषित हो चुके हैं। जल्द ही विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री का नाम सामने आएगा और तीनों राज्यों में बीजेपी की सरकार का गठन हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के द्वारा इस अभियान के माध्यम से 2 लाख 69 हजार पंचायत में यह यात्रा पहुंचने वाली है। इस यात्रा के माध्यम से भारत को विकसित भारत बनाने के लिए देश की आम जनता को संकल्पित करना है। कंधे से कंधा मिलेगा तो देश आगे बढ़ेगा। साथ ही केंद्र सरकार की जो योजनाएं हैं चाहे वह उज्ज्वला योजना हो या फिर पीएम किसान, आयुष्मान कार्ड योजना हो या अन्य योजनाएं इन सब योजनाओं के लाभ जो लोग वंचित है उन तक इन सभी योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही हमारा उद्देश्य है। विकसित भारत संकल्प यात्रा आपके द्वारा मोदी की सरकार इस कल्पना को साकार करेंगी।