नीमच। विधानसभा चुनाव निपटने के बाद जिले में एक बड़ा मामला सामने आया है। जिसमें एक भाजपा का पदाधिकारी रविवार सुबह से लापता है। परिजनों ने नीमच सिटी थाने में उक्त युवक की गुमशुदगी भी दर्ज कराई है।
नीमच सिटी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुकेश मेघवाल निवासी मालखेड़ा 10 दिसंबर रविवार को सुबह करीब 11 बजे बिना बताए घर से कहीं चला गया। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने फोन पर संपर्क करने की कोशिश की। लेकिन उससे संपर्क नहीं हो पाया। इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों व उनके दोस्तों से संपर्क किया। लेकिन मुकेश का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजन अगले दिन 11 दिसंबर को नीमच सिटी थाने पहुंचे और गुमशूदगी दर्ज कराई। पुलिस ने गुमशूदगी दर्ज कर मामला जांच में लिया है।
बतातें चले कि युवक भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा का जिला उपाध्यक्ष है और वह प्रॉपर्टी का व्यवसाय भी करता है। वहीं मुकेश के लापता होने के बाद से ही कई अफवाहों का दौर भी चल निकला है। सूत्रों की मानें तो उक्त युवक जो लापता हुआ है उसके अपहरण होने की बात भी सामने आई है। साथ ही मोबाइल की लोकेशन भी अलग-अलग स्थानों पर शो हुई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उसकी बाईक भी धनेरिया कलां क्षेत्र में मिलने की बात सामने आई है। हालांकि इन सभी कयासों को लेकर वॉईस ऑफ एमपी ने नीमच सिटी पुलिस से संपर्क किया तो उन्होंने गुमशूदगी के अलावा ऐसा कोई मामला सामने नहीं आने की बात कही है।