नीमच। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग, इंदौर द्वारा राज्य सेवा एवं वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा, 17 दिसम्बर 2023 को दो सत्रों में प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक तथा दोपहर 2.15 बजे से 4.15 बजे तक जिला मुख्यालय नीमच पर आयोजित की जा रही है। नीमच जिले में कुल परीक्षार्थी 1304 है। परीक्षा केन्द्र श्री सीताराम जाजू कन्या महाविद्यालय नीमच पर 350, स्वामी विवेकानन्द स्नातकोत्तर महाविद्यालय नीमच पर 204, शा बालक उमावि क्र 02 पर 500 एवं एमएलबी शा कन्या उमावि नीमच नगर पर 250 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा हेतु उड़न दस्ते का गठन किया जाकर 4 दल बनाऐ गये है।
संयुक्त कलेक्टर प्रीति संघवी ने बताया कि आयोग द्वारा अभ्यर्थियों हेतु परीक्षा संबंधी महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गये है। परीक्षा में प्रवेश पाने के लिए प्रवेश पत्र अनिवार्य रूप से साथ में लाएँ। परीक्षा कक्ष में निर्धारित अनुक्रमांक (रोल नंबर) की सीट पर ही बैठें। प्रवेश पत्र पर अंकित अनुक्रंमाक को ही ओएमआर शीट के निर्धारित स्थान पर लिखे तथा संबंधित गोले को काले डॉट पेन से पूरा भरे। ओएमआर शीट में प्रश्न-पत्र के सेट के गोले को काले डॉट पेन से ध्यान से भरें, सेट का गोला न भरने पर या सही गोला न भरने पर मूल्यांकन नहीं किया जाएगा। समस्त कार्य काले डॉट पेन से ही करें। ओएमआर शीट में सही उत्तर के गोले को भी काले डॉट पेन से ही पूरा भरे।ओएमआर शीट पर निर्धारित स्थान पर हस्ताक्षर अनिवार्यतः करें। ओएमआर शीट पर व्हाइटनर का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित है। अभ्यर्थी अपनी ओएमआर शीट कक्ष के वीक्षक के हाथ में ही सौंपें एवं उनकी अनुमति पश्चात ही कक्ष छोड़े। परीक्षा में अनुशासनहीनता तथा अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर आपके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही करते हुए आपको परीक्षा कक्ष से निष्कासित किया जाएगा। ऐसी स्थिति में आयोग द्वारा जारी विज्ञापन में वर्णित अनुशासनात्मक निर्देशों के तहत आपके विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।
जिन अभ्यर्थियों के ऑनलाइन आवेदन-पत्र के अनुसार, ऑनलाइन प्रवेश-पत्र में उनके फोटो तथा हस्ताक्षर स्पष्ट नहीं है या अनुपलब्ध है अथवा त्रुटिपूर्ण हैं, ऐसे आवेदक निम्नलिखित प्रक्रिया का पालन करें- अपने ऑनलाइन प्रवेश पत्र पर विहित स्थान पर अपना फोटो चिपकाकर उसके नीचे अपने हस्ताक्षर करे तथा फोटो आबंटित परीक्षा केन्द्राध्यक्ष से प्रमाणित कराएँ। अपने फोटो की एक प्रति साथ ले जाएँ, उक्त फोटो के पीछे अपना नाम, आवेदन-पत्र क्रमांक एवं रोल नंबर अंकित करें। अपने साथ अपने आवेदन पत्र की रसीद की प्रति (जो आवेदन-पत्र जमा करते समय प्राप्त हुई थी) साथ ले जाएँ तथा मांगे जाने पर वीक्षक को प्रस्तुत करें।
परीक्षा कक्ष में वर्जित वस्तुएँ-
परीक्षा में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, संचार उपकरण, मोबाइल, पेजर तथा केलक्यूलेटर आदि का प्रयोग पूर्णत: प्रतिबंधित है। परीक्षा कक्ष में जूते-मोजे पहनकर प्रवेश वर्जित होगा। परीक्षार्थी चप्पल व सैंडल पहनकर आ सकते हैं। चेहरे को ढक कर परीक्षा कक्ष में प्रवेश वर्जित होगा। एसेसरीज जैसे बालों को बाँधने का क्लचर, बक्कल, घड़ी, हाथ में पहने जाने वाले मैटेलिक, चमड़े के बैड, कमर में पहने जाने वाले बेल्ट, धूप में पहने जाने वाले चश्मे, पर्स, वॉलेट, टोपी वर्जित है। ध्यान रखें सिर, नाक, गला, हाथ-पैर, कमर आदि में पहनने वाले सभी प्रकार के आभूषण तथा हाथ में बंधे धागे, कलावा, रक्षासूत्र, तावीज आदि की सूक्ष्मता से परीक्षण व तलाशी ली जाएगी। अत्यावश्यक होने पर ही पहन कर आएँ।