उज्जैन। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की महत्वाकांक्षी एवं जनहितैषी योजनाओं पर आधारित विकसित भारत संकल्प यात्रा के अन्तर्गत जिले में विभिन्न ग्राम पंचायतों में निरन्तर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। विकसित भारत संकल्प यात्रा के अन्तर्गत आयोजित शिविर में काफी संख्या में स्थानीय ग्रामीणजन पहुंचकर शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणजनों को योजनाओं की जानकारी भी शिविर में प्रदाय कर उन्हें लाभांवित किया जा रहा है।
इसी कड़ी में शुक्रवार को यात्रा के अन्तर्गत ग्राम नवाखेड़ा, इटावा, रूनखेड़ा, बड़ोदिया, नायन, जवासियापंथ, रायपुरा, गंगेड़ी, मालाखेड़ी, जलवा में शिविर लगाकर लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया। शिविर में स्वरोजगार योजना, वित्तीय साक्षरता और प्राकृतिक खेती के बारे में ग्रामीणजनों को जानकारी दी गई। साथ ही विकसित भारत का संकल्प भी नागरिकों को दिलवाया गया। कृषि विभाग के द्वारा ग्राम पंचायत रायपुरा में एग्री ड्रोन के माध्यम से किसानों के समक्ष फसलों पर छिड़काव का प्रदर्शन किया गया। इसके अतिरिक्त जिला अन्त्यावसायी, स्कूल शिक्षा और अन्य राष्ट्रीयकृत बैंक द्वारा भी शिविर में लगे काउंटर के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।