नीमच। नगर पालिका नीमच की अतिक्रमण हटाओ मुहिम लगातार जारी है। आज भी शहर के हाट मैदान, सब्जी मंडी और जिला अस्पताल के बाहर से लेकर मैसी फर्ग्यूसन शोरुम चौराहा तक स्थापित अवैध गुमटियों को नगरपालिका अमले ने कार्रवाई करते हुए हटा दिया। इस दौरान नगरपालिका के अधिकारी और कर्मचारी ट्रैक्टर, जेसीबी व अन्य संसाधन लेकर पहुंचे।
नगरपालिका अधिकारी ने कहा कि यह मुहिम लगातार जारी रहेगी। हमारी प्राथमिकता है कि उन जगहों पर अतिक्रमण कर लगी गुमटियों को पहले चिन्हित कर हटाया जाए, जहां पर आवागमन बाधित हो रहा है और दुर्घटना होने का अंदेशा बना रहता है। नए वर्ष जनवरी के प्रथम सप्ताह में प्रशासन के सहयोग से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही और तेज की जाएगी। आज सब्जी मंडी से करीब 15 गुमटियों को हटाया गया। वहीं शोरूम चौराहा मार्ग पर भी 12 अवैध गुमटी संचालकों को हटाया।