नीमच। शहर के महू नसीराबाद रोड कलेक्ट्री चौराहा से पहले हुई भीषण सड़क दुर्घटना में यादव समाज के 24 वर्षीय युवा की दुखद मौत हो गई है। सड़क हादसे में सुबह सुवाखेड़ा निवासी भारत उर्फ छोटू यादव पिता मुरारी लाल यादव की मौत की खबर से यादव समाज में मातम पसर गया है। सड़क दुर्घटना के बाद किसी प्रकार की कार्रवाई ना होने से समाजजनों में आक्रोश व्याप्त है।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को भारत यादव प्रतिदिन की तरह मजदूरी करके अपने गांव सुवाखेड़ा की ओर टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल से जा रहा था। उसके साथ विकास माली पिता बालकिशन माली और राधेश्याम शर्मा पिता सत्यनारायण शर्मा भी थे। मोटरसाइकिल विकास चला रहा था। करीब 7.30 बजे के आसपास वर्मा टैंकर के आगे नाकोड़ा ट्रांसपोर्ट के करीब एक अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी। जिसमें भारत बुरी तरह कुचला गया। भारत की मौके पर ही मौत हो गई। राधेश्याम और विकास बुरी तरह घायल हो गए। इन दोनों युवकों को इलाज हेतु उदयपुर रेफर किया गया है। घटना की सूचना के बाद बड़ी संख्या में यादव समाज के लोग जिला अस्पताल में इकट्ठा हो गए। यादव समाज के वरिष्ठों का कहना है पुलिस ने कोई त्वरित कार्रवाई नहीं की। आरोपियों को पकड़ने की मांग को लेकर समाजजन पोस्टमार्टम के बाद भारत के शव को दुर्घटना स्थल पर ले जाकर हाईवे जाम कर दिया है।