गुना। शहर के सभी मैरिज गार्डन पर पार्किंग व्यवस्था करने के निर्देश दिया गए हैं। गुना SDM ने जल्द से जल्द पार्किंग व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। पार्किंग व्यवस्था न करने की स्थिति में गार्डन मालिकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गुना एसडीएम दिनेश सावले बताया कि शहर में बहुत से मैरिज गार्डन संचालित हैं। यहां शादी-विवाह एवं अन्य कार्यक्रमों का आयोजन होता रहता है, लेकिन उनके द्वारा नियम अनुसार मैरिज गार्डन में पार्किंग नहीं करायी जाती हैं। जबकि पार्किंग व्यवस्था करना मैरीज गार्डन मालिकों की जिम्मेदारी है। लेकिन कुछ मैरिज गार्डन मालिकों द्वारा न तो पार्किंग व्यवस्था की जा रही है और न हीं पार्किंग व्यवस्था के लिए अपने वॉलिंटियर नियुक्त किया जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि गार्डन में पार्किंग व्यवस्था न होने से आगंतुक अपने वाहनों को सड़कों पर खड़ा कर देते हैं, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था बिगड़ती है और जाम की स्थिति निर्मित हो जाती है। कई घण्टो तक शहर में जाम लगा रहता है। आमजन को ट्रैफिक जाम की स्थिति का सामना करना पड़ता है। आज और कल बहुत सी शादियां हैं और आने वाले समय में भी शादियां हैं। इसलिए गार्डन मालिक स्वयं पार्किंग अनिवार्य रूप से करना सुनिश्चित करें। अन्यथा की स्थिति में संज्ञान में लेकर गार्डन मालिकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।