इंदौर। दिल्ली, पंजाब और यूपी में एमएसपी को लेकर किसानों द्वारा किए जा रहे आंदोलन को इंदौर से भी समर्थन मिला है। शुक्रवार को ग्रामीण भारत बंद के आह्वान के चलते इंदौर और आसपास के किसान संगठनों ने गांधी हॉल पर प्रदर्शन कर किसान आंदोलन का समर्थन किया।
किसानों के अलावा मजदूर संगठन के प्रतिनिधियों ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया। प्रदर्शन के बाद संभागायुक्त कार्यालय पर ज्ञापन सौंपा। संयुक्त किसान मोर्चा मध्यप्रदेश के अध्यक्ष बादल सरोज, अरुण चौहान, रामस्वरूप मंत्री, प्रमोद नामदेव, अरविंद पोरवाल, हरिओम सूर्यवंशी, कविता सोलंकी, कैलाश लिंबोदिया, सोनू शर्मा, बबलू जाधव और दीक्षा यादव सहित अन्य पदाधिकारी मुख्य रूप से मौजूद थे।
किसान संगठन एमएसपी बढ़ाने की मांग पर एकमत
भाजपा ने चुनाव से पहले गेहूं का समर्थन मूल्य 2700 रुपए और धान का 3100 रुपए करने का वादा किया था। इसे मोदी की गारंटी कहा था, लेकिन चुनाव जीतने के बाद अब तक इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया है। चुनाव के बाद अपने वादे पूरे नहीं करना लोकतंत्र का मजाक और जनता से वादाखिलाफी है। यदि सरकार इस वादे को पूरा नहीं करती है तो किसान संघ मार्च के पहले सप्ताह में हर जिले में धरना प्रदर्शन और आंदोलन करेगा, लेकिन हम दिल्ली-पंजाब के किसान आंदोलन का समर्थन नहीं करते हैं। - चंद्रकांत गौर, प्रदेश महामंत्री, भारतीय किसान संघ
हम लोग किसानों के समर्थन में
हम लोग पूरी तरह पंजाब के किसानों की मांगों के समर्थन में हैं। एमएसपी गारंटी कानून और किसानों को पेंशन के मुद्दे पर अभी बातचीत का दौर जारी है। मप्र में नकली खाद-बीज एक बड़ी समस्या है, इसके अदिवासी किसानों के हक के लिए अनुसूची 5 व 6 लागू करने की मांग भी हमारा मुद्दा है। मार्च में दिल्ली किसान आंदोलन-2 के समर्थन में मप्र से आम किसान यूनियन और कांग्रेस किसान प्रकोष्ठ आंदोलन के लिए तैयार है। - केदार सिरोही, प्रदेशाध्यक्ष कांग्रेस किसान प्रकोष्ठ, पूर्व नेता आम किसान यूनियन