निम्बाहेड़ा। रेलवे स्टेशन पर पानी पीने के बाद चलती ट्रेन में चढ़ते समय युवक फिसलकर प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंस गया। ट्रैक पर गिरने से युवक के धड़ से सिर कटकर अलग हो गया। युवक उदयपुर रूटीन चौकअप के लिए जा रहा था। हादसा चित्तौड़गढ़ के निंबाहेड़ा में सोमवार सुबह करीब 10 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार जोधपुर-इंदौर एक्सप्रेस से जितेन्द्र गोयल (48) पुत्र निरंजन गोयल पानी पीने के लिए या अन्य किसी काम से निंबाहेड़ा रेलवे स्टेशन उतरा था। जो मल्हारगढ़ (मध्यप्रदेश) का रहने वाला था और रूटीन चौकअप के लिए उदयपुर जा रहा था। युवक के स्टेशन पर उतरने के बाद ट्रेन के रवाना होने पर ट्रेन में चढ़ने के लिए दौड़ा और हैंडल को पकड़कर अंदर चढ़ने लगा। तभी उसके हाथ हैंडल से फिसल कर छुट गए। युवक प्लेटफॉर्म और पटरी के बीच फंसकर ट्रैक पर जा गिरा।
इस दौरान युवक का एक थैला, मोबाइल और डायरी स्टेशन पर गिर गए। वहीं ट्रेन से कटकर युवक के धड़ से सिर अलग हो गया। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस की सहायता से शव को निंबाहेड़ा हॉस्पिटल पहुंचाकर परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों की मौजूदगी में बॉडी का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों के सुपूर्द किया गया।