नीमच। शहर के रिसाला मस्जिद क्षेत्र में आज शनिवार को उस समय हंगामा हो गया जब रहवासियों ने हाथों में पानी के खाली बर्तन लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान रहवासियों ने नगर पालिका प्रशासन, क्षेत्रीय पार्षदों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
रहवासियों का कहना है कि रमजान के पाक महीने में भी लोगों को पेयजल की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। हर तीन से चार दिन में बमुश्किल नल आता है। उसमें भी कुछ देर के लिए ही नलों से पानी आता है। साथ ही कुछ मकानों में तो बिल्कुल भी पानी नहीं आता। ऐसे में रहवासी काफी परेशान है। रहवासियों का कहना है कि जल्द से जल्द उन्हें पानी मुहैया कराया जाए।
रमजान के पाक महीने के साथ ही गर्मी का मौसम भी चल रहा है। इसमें पानी की आवश्यकता ज्यादा होती है, सभी परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है, फिर भी रहवासी नगर पालिका का नियमानुसार टैक्स दे रहे हैं।
वहीं विरोध प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय पार्षद नगर पालिका में सभापति धर्मेश पुरोहित भी मौके पर पहुंचे और लोगों को जल्द पानी उपलब्ध करवाने की बात कही। उनका कहना था कि नहीं पाइपलाइन में किसी तरह की रुकावट आने के कारण पानी की आपूर्ति में दिक्कत आ रही है। इसे साफ करने के लिए पाइप लाइन को खुदवाया जाएगा। कुछ लोगों ने पाइप लाइन खोदने का विरोध भी किया। हालांकि सबको समझा बुझाकर व्यवस्था बनाई जाएगी, ताकि पेयजल की आपूर्ति सुचारु रूप से हो सके।