नीमच। शहर के मूलचंद मार्ग स्थित कलाली के पास आज शनिवार दोपहर राह चलते एक अधेड़ व्यक्ति को चक्कर आ गया। चक्कर खाकर जमीन पर गिरने से उक्त व्यक्ति की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 108 एंबुलेंस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मूलचंद मार्ग पर अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना के आधार पर दीपक किराना वाला नामक व्यक्ति 108 एंबुलेंस से इस अधेड़ व्यक्ति को लेकर नीमच जिला चिकित्सालय पहुंचा। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृत व्यक्ति के पास मिले बैंक के दस्तावेज के अनुसार उसका नाम रघुनाथ पिता किशन सिंह जाति भाटी बताया जा रहा है। बैंक की डायरी में वार्ड नंबर 16, ईदगाह रोड, प्रेम किराना के सामने यह पता दर्ज है। पुलिस परिजनों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। फिलहाल मृत व्यक्ति का शव मोर्चरी में रखवाया गया है।