खंड़वा। शनिवार को मां हिंगलाज जयंती पर खंडवा में चुनरी यात्रा निकाली गई। वहीं भंडारा प्रसादी का वितरण हुआ। क्षत्रिय भावसार समाज ने चुनरी यात्रा की अगवानी की। समाजजन ने कहारवाड़ी स्थित धर्मशाला से मालीकुआं स्थित माता मंदिर तक चुनरी यात्रा निकाली। यात्रा में बैंड-बाजों व बग्घी को शामिल किया गया, जो कि आकर्षण का केंद्र रहे। युवा अपने हाथों में ध्वज पताकाएं लेकर फहरा रहे थे। महिलाओं ने समूह बनाकर नृत्य किया।
चुनरी एवं कलश यात्रा में महिला मंडल केसरिया साड़ी व पुरूष सफेद वस्त्र धारण किए हुए थे। जो कि पैदल मालीकुंआ स्थित हिंगलाज माता मंदिर पहुंचे। जहां माताजी की पूजा अर्चना के बाद ध्वज व चुनरी चढ़ाई। इसके पश्चात सभी समाजजन जसवाड़ी रोड स्थित भावसार बाबा बालकदास आश्रम स्थित हिंगलाज वाटिका पहुंचे। जहां आरती के बाद महाप्रसादी का आयोजन किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में समाज जन उपस्थित रहे।
इधर, हिंगलाज माता मंदिर पर मालीकुआं सहित क्षेत्रवासियों ने भंडारा प्रसादी का आयोजन किया। इस दौरान सुबह से लेकर देर शाम तक करीब 10 हजार लोगों ने प्रसादी का लाभ लिया। सिंधी समाज ने भी आराध्य माता हिंगलाज की पूजा-अर्चना की।