चित्तौड़गढ़। भारतीय नव वर्ष स्वागत आयोजन समिति के तत्वावधान में 8 व 9 अप्रैल को नव संवत्सर का स्वागत समारोह पूर्वक किया जाएगा। आयोजन को लेकर वृहद स्तरीय तैयारीयों को अन्तिम रूप दिया जा रहा है।
आगामी 9 अप्रैल को चैत्र शुक्ल प्रतिपदा व गुड़ी पड़वा पर्व के उपलक्ष में चित्तौड़गढ़ जिला मुख्यालय पर सर्व समाज एवं आमजन की भागीदारी के साथ नव संवत्सर का स्वागत समारोह पूर्वक आयोजित करने को लेकर तैयारियां की जा रही है। यह जानकारी देते हुए भारतीय नव वर्ष स्वागत समारोह समिति के संयोजक राजेश शर्मा ने बताया कि विभाग संघ चालक हेमंत जैन व संरक्षक अनिरुद्ध सिंह भाटी के नेतृत्व में आयोजन को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। भारतीय नव संवत्सर के उपलक्ष में 8 अप्रैल को सायंकाल 4.30 बजे इंदिरागांधी स्टेडियम से महिला वाहन रैली कलेक्ट्रेट चौराहा होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई सुभाष चौक पहुंचेगी। जहां बड़ी संख्या में शहर वासियों द्वारा सुभाष चौक पर भारत माता के भाव चित्र पर दीपदान एवं महा आरती व आतिशबाजी की जाएगी।
प्रचार प्रमुख संजय खाबिया व अभिषेक मुंदड़ा ने बताया कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा 9 अप्रैल को प्रातः काल शहर भर में प्रभात फेरियां निकलेगी और नव वर्ष के अवसर पर तिलक लगाकर नीम व मिश्री का प्रसाद वितरित किया जाएगा। जबकि इसी दिन सायंकाल 4 बजे एक भव्य शोभायात्रा इंदिरा गांधी स्टेडियम से प्रारम्भ होकर शहर के प्रमुख मार्गाे से निकाली जाएगी, जिसमें विभिन्न समाजों और संस्थाओं की झांकियां और महापुरुषों की झांकियां प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहेगी। शोभायात्रा भीलवाड़ा रोड, कलेक्ट्रेट, गंभीरी नदी पुलिया, अप्सरा टॉकीज चौराहा, राणा सांगा बाजार, चंद्रलोक सिनेमा , गोल प्याऊ चौराहा होकर सुभाष चौक पहुंचेगी। 9 अप्रैल को ही नववर्ष चैत्र प्रतिपदा की संध्या 7.30 बजे राष्ट्र भक्ति से ओतप्रोत आयोजन सुभाष चौक पर होगा। जिसमे प्रखर वक्ता, ओजस्वी कवि, रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगेश् का नारा देने वाले प्रख्यात बाबा सत्यनारायण जी मोर्य का कार्यक्रम होगा। जिसमे भारतमाता की चित्रमय झांकी, आरती होगी। अनगढ़ बावजी में चातुर्मास करने वाले सूरजकुंड के प्रख्यात संत स्वामी अवधेशानंद जी महाराज के दिव्य दर्शन व आशीर्वाद व प्रमुख संतो का सानिध्य भी मिलेगा। इसके पश्चात दीपदान भारत माता की आरती की जाएगी व प्रसाद वितरण किया जाएगा।
समिति सहसंयोजक बालमुकुंद सोमानी, जया तोषनीवाल ने बताया कि समिति ने सभी नगरवासियों से आग्रह किया है कि नव वर्ष वेला में 9 अप्रैल को सायं अपने घरों पर भगवा पताका लगावे एवं दीप प्रज्ज्वलित करें। आयोजन समिति द्वारा नव वर्ष स्वागत समारोह को भव्य रूप देने और अधिक से अधिक जन भागीदारी के लिए वृहद स्तर पर तैयारियां की गई है।