नीमच। स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क निवास करता है। परिवार और समाज को स्वस्थ रखने के लिए महिलाओं का स्वस्थ रहना जरूरी है। यह बात विश्व स्वास्थ्य दिवस पर आयोजित 4 दिवसीय फिटनेस शिविर के समापन अवसर पर नीमच इनरव्हील क्लब अध्यक्ष रजिया अहमद ने कही।
नीमच के एनवी फिटनेस जिम पर इनरव्हील क्लब द्वारा स्वास्थ्य की जागरूकता को लेकर चार दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया था। जिसमें प्रशिक्षक नताशा शर्मा इक्का और रीना कच्छावा द्वारा इनरव्हील क्लब की सदस्याओं और महिलाओं को योगा, फिजियोथैरेपी, डांस एरोबिक्स और जिम की मशीनों के बारे में प्रशिक्षित किया गया। इस अवसर पर रजिया अहमद ने कहा कि सेवा के किसी भी क्षेत्र में इनरव्हील अछूता नहीं है।स्वास्थ्य संबंधित कार्यशाला के आयोजन का उद्देश्य महिलाओं में स्वस्थ रहने को लेकर रुचि पैदा करना है। रज़िया अहमद ने आह्वान किया कि महिलाएं आज के दिन से सदैव अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने का प्रण ले। कार्यक्रम का प्रारंभ मां सरस्वती और ओलिवर गोल्डी की छवि पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलन के साथ हुई। सचिव अमरजीत छाबड़ा ने इनरव्हील प्रार्थना का वाचन किया। कार्यक्रम का संचालन सरोज गांधी ने किया। समापन अवसर पर नताशा शर्मा और रीना कच्छावा को इनर व्हील क्लब द्वारा स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। इस अवसर पर अलका श्रीवास्तव, सिंधु भगवानी, कुसुम कदम, हेमांगिनी त्रिवेदी, संगीता जोशी और बड़ी संख्या में इनर व्हील क्लब की सदस्य और अन्य महिलाएं उपस्थित रही।