नीमच। मजदूरों के पसीने से हमारा भारत विकसित हो रहा है। मजदूर हमारी जिंदगी को तमाम विषम परिस्थितियों में आसान बनाता है। हर दिन मजदूर दिवस है। गर्मी, ठंड, बारिश में मजदूर अपना श्रम करके हमारे जीवन के हर जरूरी संसाधन के निर्माण में अहम भूमिका निभाता है। यह बात एक मई मजदूर दिवस के अवसर पर इनरव्हील क्लब द्वारा आयोजित श्रमिक सम्मान समारोह में क्लब की अध्यक्ष रज़िया अहमद ने महिला श्रमिकों का सम्मान करते हुए कही। उन्होंने कहा कि बड़ी विडंबना है कि हमारे लिए आलीशान आशियाना बनाने वाला मजदूर झोपड़ी में सोता है। हमें मजदूरों की मेहनत का दिल से सम्मान करना चाहिए। उसका शुक्र गुज़ार होना चाहिए। रज़िया अहमद ने भाव विभोर होकर महिला श्रमिकों से कहा कि हम आपके कायल हैं।
इस अवसर पर 12 महिला श्रमिकों को मोतियों की माला पहनाकर, श्रीफल और सिल्क की साड़ी भेंट कर इनरव्हील क्लब द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में सचिव अमरजीत कौर छाबड़ा ने इनरव्हील प्रार्थना का वाचन किया। कार्यक्रम में अलका श्रीवास्तव, कुसुम कदम, हेमांगिनी त्रिवेदी, सिम्मी सलूजा, शारदा तोर,शशि सोडानी, मधु दुआ, मंजुला शर्मा आदि मौजूद रही। कार्यक्रम का संचालन माधुरी चौरसिया ने किया।