खरगोन। आगामी 13 मई को होने वाले लोकसभा चुनाव में अधिक से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके इसके लिए जिले में व्यापक स्तर पर मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके गुरुवार को जिला पंचायत कार्यालय खरगोन से दो पहिया वाहन रैली निकाली गई। जिला प्रशासन एवं जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के सहयोग से इस रैली का आयोजन किया गया।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आकाश सिंह, एसडीएम भास्कर गाचले एवं जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पीएस धनवाल ने रैली को झण्डी दिखाकर रवाना किया। यह रैली जिला पंचायत कार्यालय से प्रारंभ होकर साप्ताहिक हाट बाजार, नया पुल, बावड़ी बस स्टैण्ड, राधा वल्लभ मार्केट, पोस्ट ऑफिस चौराहा, श्रीकृष्ण टॉकीज तिराहा, टीआईटी कॉम्पलेक्स, श्रीराम धर्मशाला होते हुए जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक खरगोन पहुंची जहां इसका समापन हुआ। इस वाहन रैली के माध्यम से मतदाताओं को संदेश दिया गया कि 13 मई को सारे काम छोड़कर सबसे पहले मतदान करना है। लोकतंत्र की मजबूती और अपने क्षेत्र के विकास के लिए अपनी पसंद का प्रतिनिधि चुनने सभी मतदाताओं का मतदान करना बहुत जरूरी है।