देवास। लोकसभा निर्वाचन 2024 के दृष्टिगत देवास जिले में दिनांक 07 मई को विदिशा संसदीय क्षेत्र, 13 मई को देवास-शाजापुर संसदीय क्षेत्र एवं खंडवा संसदीय क्षेत्र के लिए मतदान होना है। लोकसभा निर्वाचन में सभी मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें इस हेतु मतदान की सुविधा के लिए भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार प्रत्येक मतदाता को क्यूआर कोड वाली मतदाता पर्ची बीएलओ एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा देवास-शाजापुर संसदीय क्षेत्र अंतर्गत विकासखंड टोंकखुर्द में मतदाता पर्चियों का वितरण किया गया।
लोकसभा निर्वाचन 2024 में मतदाता मतदान करने के लिए प्राप्त पर्ची के साथ ईपिक कार्ड अथवा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 12 फोटोयुक्त पहचान पत्र में से किसी एक का उपयोग करके मतदान कर सकेंगे। केवल मतदाता पर्ची से मतदान की सुविधा नहीं मिलेगी। मतदाता पर्ची से मतदाता को सरल क्रमांक की जानकारी प्राप्त होगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री ऋषव गुप्ता ने सभी रिटर्निंग आफीसरों को बीएलओ के माध्यम से मतदाता पर्चियों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।