भोपाल। दीपमाला पागारानी संस्कार विद्यालय, संत हिरदाराम नगर भोपाल में विद्यार्थियों के सम्पूर्ण व्यक्तित्व विकास के लिए ग्रीष्म अवकाश में विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया जा रहा हैं। जिनमें नृत्य, खेलकूद, संगीत, कम्प्यूटर एवं आर्ट एण्ड क्राफ्ट की शिक्षा दी जायेगी। कैंप का शुभारम्भ संस्था के अध्यक्ष कर्नल नारायण पारवानी, सुशील वासवानी, सचिव बसंत चेलानी, कोषाध्यक्ष चन्दर नागदेव, सह-सचिव नरेश वासवानी, वरिष्ठ पत्रकार दिलीप मंगतानी, राजकुमार थावानी ने माँ सरस्वती एवं संत शिरोमणी हिरदाराम साहिब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया।
ग्रीष्मकालीन अवकाश सिर्फ अवकाश मनाने के लिए नहीं बल्कि समय के सदुपयोग के लिए भी
मुख्य अतिथि कर्नल नारायण पारवानी ने कहा कि ग्रीष्मकालीन अवकाश सिर्फ अवकाश मनाने के लिए नहीं बल्कि समय का सदुपयोग करने के लिए है। जिसके लिए यहां पर ग्रीष्मकालीन शिविर का आयोजन किया गया है। अब आपका कर्तव्य है कि आपको 25 दिन समय पर आकर कैंप का पूरा-पूरा लाभ उठाना है। संस्था के अध्यक्ष सुशील वासवानी ने कहा कि जिन पालकों ने अपने बच्चों को इस शिविर में भेजा है, उन्हें विश्वास दिलाते हैं कि शिक्षा को हम 10 महीने देते है बाकी का विकास इस मनोरंजन से ही पूरा होगा।
इस अवसर पर संस्था के सचिव बसंत चेलानी ने अभिभावकों एवं बच्चों का स्वागत किया । और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि जो बच्चे इस शिविर में भाग ले रहे हैं, हम आपको विश्वास दिलाते है कि 25 दिन के इस शिविर में आपके बच्चों में वो गुण भर देंगे जिन गुणों के वे अधिकारी हैं। और बच्चों को सम्बोधित करते हुए कहा कि मैं बच्चों से आशा करता हूं कि उन्होंने जिस भी गतिविधि में भाग लिया है उसमें अच्छा परिणाम दें।
कार्यक्रम में दिलीप मंगतानी ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चे इस शिविर में बहुत कुछ अच्छा सीखकर समाज व देश का नाम रोशन करेंगे। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य आर.के. मिश्रा, उपप्राचार्या मीनल नरयानी, प्रधानाचार्या मृदुला गौतम सहित समस्त शिक्षक, विद्यार्थीगण एवं उनके अभिभावक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में संस्था के कोषाध्यक्ष चन्दर नागदेव ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों को इस शिविर में नया अनुभव मिलेगा ।