मनावर। गुरुवार रात को नगर मध्य मालवी चौपाटी पर वाल्मीकि धाम राष्ट्रीय संत बाल योगी राज्यसभा सांसद उमेशनाथ महाराज धार जिले में एक दिवसीय दौरे पर आए थे। सांसद बनने के बाद प्रथम मनावर आगमन पर नगर और आसपास के वाल्मीकि समाज के लोगों ने आशीर्वाद लेकर उनका स्वागत किया।
सांसद उमेशनाथ महाराज ने नगर के प्राचीन बंकनाथ अटल दरबार में पहुचकर पूजा-अर्चना की। साथ ही पार्वती हॉस्पिटल के संचालक डॉ. केसी राणे ने उमेशनाथ महाराज का स्वागत किया।
राज्यसभा सांसद उमेशनाथ महाराज ने सभा को संबोधित किया, जिसमें उन्होंने कहा कि अयोध्या के मठों, ज्योतिषों और विद्वानों की सलाह पर ही भगवान श्रीराम के मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की गई। जिस तरह सतयुग में भगवान श्रीराम वायुयान से अयोध्या पहुंचे थे। उसी तरह अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा के पूर्व देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले भगवान वाल्मीकि के नाम से एयरपोर्ट बनवाया उसके बाद प्राण प्रतिष्ठा की गई है।
देश के प्रधानमंत्री ने भगवान वाल्मीकि को जो सम्मान दिया है, शायद ही कभी मिला हो, हमारा भारत संतो का भारत है और संतो का सम्मान किया जाता है। आज के समय मे देश के प्रधानमंत्री ने जो संतो का मान बढ़ाया है और विश्व मे भगवान वाल्मीकि का भी सम्मान बढ़ाया है।
मनावर आगमन पर धार महू सांसद छतरसिंह दरबार, जिला अंत्योदय प्रकोष्ठ संयोजक राजेश तोमर, नगर पालिका अध्यक्ष अजय पाटीदार, जिला पंचायत सदस्य शिवराम कन्नौज, वाल्मीकि समाज के चौधरी अनिल तोमर, संदीप जैन सहित विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल के सदस्य भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।