इंदौर। शहर में इन दिनों श्री बागेश्वरधाम पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की भागवत कथा चल रही है। इस बीच में गुरुवार रात शहर के प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र श्री रणजीत हनुमान मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। इस दौरान रणजीत हनुमान मंदिर के पुजारी पं. दीपेश व्यास ने उनकी अगवानी की और पूजा करवाई। इस दौरान पं.धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री गर्भ गृह में पूजा के वक्त हाथों में गदा लिए दिखाई दिए। शास्त्रीजी यहां करीब 20 मिनट रहे।
उल्लेखनीय है कि कथा के पहले ही दिन पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा था कि इंदौरवासियों बाबा रणजीत के चरणों में शीश झुका लो, जीवन में आने वाले संकटों के सारे रण जीत लोगे। इसके साथ ही पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने खजराना गणेश और अन्नपूर्णा मंदिर का भी उल्लेख किया था।
भक्तों में लगी शास्त्री से मिलने की होड़
बागेश्वरधाम पीठाधीश्वर के मंदिर आगमन पर रणजीत हनुमान के भक्तों ने देर तक जय-जयश्रीराम के जयकारे लगाए। भक्तों में पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को देखने और उनसे मिलने की होड़ लग रही थी। पं. शास्त्री ने भी भक्तों को खूब आशीर्वाद दिया। वे मंदिर में दर्शन के बाद पं. दीपेश व्यास के निवास पर भी गए और परिजन से मिले। पुजारी के निवास पर सनातनी परंपरा के अनुसार पं. शास्त्री की आरती उतारकर और तिलक लगाकर स्वागत किया गया। इस दौरान शास्त्रीजी का विनोदी स्वभाव मुखर हो उठा और कई बार ठहाके लगे।