नीमच। शहर के प्रमुख नया बाजार स्थित जामा मस्जिद मार्ग के चौराहे पर बजरंग चौक के समीप सत्यनारायण व कालू गाछा के मकान की तीसरी मंजिल के कक्ष में दोपहर 2ः40 बजे के लगभग परिवार के तीन चार बच्चे खिलौने खेल रहे थे तभी अचानक आग लग गई और धुंआ उठने लगा। तभी पड़ोसियों ने दौड़कर पानी की बाल्टी से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। पड़ोसी वरिष्ठ बुजुर्ग राजेंद्र जैन एवं लोकेश खिंदावत द्वारा नगर पालिका की फायर ब्रिगेड को तत्काल फोन पर सूचना प्रेषित की गई। फोन पर सूचना प्रेषित करने के 5 मिनट बाद ही नगर पालिका की एक फायर ब्रिगेड तत्काल आगजनी स्थल पर पहुंच गई। आग पर काबू पाने का प्रयास प्रारंभ कर दिया और 15 मिनट में ही आग पर काबू पा लिया गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में नागरिक एकत्र हो गए। 5 मिनट बाद दूसरी एक और फायर ब्रिगेड आ गई। पहले ही आग पर काबू पा चुके थे। केंट थाना पुलिस के दो पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। फायर ब्रिगेड टीम में रवि प्रजापति, मोहन प्रजापति, विजय योगी ने आग बुझाने में तत्परता दिखाई। सत्यनारायण व कालु गाच्छा के परिवार की महिलाओं ने भी आग बुझाने में सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर पवन साहू, चंद्र प्रकाश मोमू लालवानी, संजय बटवाल, सहित अनेक लोग उपस्थित थे। महिलाओं ने बताया कि बच्चे विगत 1 घंटे से खेल रहे थे कि अचानक आग लग गई और पड़ोसियों ने बताया तो सभी दौड़े और तीनों बच्चों को बचाया। उसके बाद आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। जानकारी के अनुसार लगभग 3000 तक का आर्थिक नुकसान होने का अनुमान है। एक जोड़ी बिस्तर, रजाई, टोकरे बनाने से बची हुए अन्य लकडियों एवं अन्य बांस की सामग्री जिसका आकलन का कोई अनुमान नहीं है।
उल्लेखनीय है कि नीमच नगर पालिका की फायर ब्रिगेड आग लगने के बाद हमेशा देरी से पहुंचने के लिए बदनाम है, लेकिन इस बार नगर पालिका की फायर ब्रिगेड ने रिकॉर्ड तोड़ दिया और तत्काल समय पर पहुंचकर अपनी सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। मौके पर उपस्थित नागरिकों ने बताया कि यदि इसी तरह नगर पालिका की फायर ब्रिगेड समय पर पहुंचे तो लोगों का जान माल की हानि होने से बचाव हो सकता है।